पंचायत चुनाव 2026: पुनरीक्षण के साथ चल रहा चुनाव प्रबंधन।
1187 ग्राम पंचायतों में होंगे त्रिस्तरीय चुनाव।
बस्ती: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। एक तरफ मतदाता पुनरीक्षण का कार्य तेजी से चल रहा है तो दूसरी तरफ छपाई के बाद मतपत्र जिले में पहुंच चुके हैं। चुनाव आयोग की तरफ से चार रंगों में जिले में 83 लाख 41 हजार एक सौ मतपत्र प्राप्त हो चुके हैं। इसे कड़ी सुरक्षा के बीच जिले के भारत निर्वाचन आयोग के हाल में डबल लाक में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
फिलहाल जिले में 1187 ग्राम पंचायतों में चुनाव की संवेदनशीलता और विशालता को देखते हुए 2959 पोलिंग बूथ व 1225 मतदान केंद्र बनाए जाने हैं। ग्राम पंचायतों में 18 लाख 68 हजार 929 मतदाता हैं। पंचायत चुनाव में सदस्य ग्राम पंचायत के लिए सफेद मतपत्र का प्रयोग किया जाएगा। इसके मतपत्रों की संख्या 10 लाख 60 हजार 400 है।
वहीं ग्राम प्रधान के हरे रंग के मतपत्र कुल 24 लाख 25 हजार 600 मतपत्र पहुंचे। इसके अलावा क्षेत्र पंचायत सदस्य का मतपत्र नीला होगा। इसके लिए 23 लाख 52 हजार 600 मतपत्र होंगे।
वहीं, जिला पंचायत सदस्य का मतपत्र गुलाबी रंग का होगा, इसके लिए 25 लाख 500 मतपत्र प्राप्त हुए। इन मतपत्रों में चार चिंह, छह चिंह, नौ चिंह, 12 चिंह वाले मतपत्र हैं। इन मतपत्रों को नई दिल्ली से छपाई करा कर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच जिला मुख्यालय पर लाया गया है।
सुरक्षा और भंडारण:
प्राप्त मतपत्रों को अति सुरक्षित तरीके से डबल लॉक में रखा गया है।सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) सुभाष सिंह ने बताया कि मतपत्रों की गिनती का कार्य पूरा हो चुका है और इस प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ अंजाम दिया गया है। मतपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पुलिस बल की एक विशेष टुकड़ी को 24 घंटे निगरानी के लिए तैनात है।
मतपत्रों की उपलब्धता महत्वपूर्ण पड़ाव:
जनपद की 1189 ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान, बीडीसी व जिला पंचायत सदस्यों के मतपत्रों की उपलब्धता को चुनाव की तैयारियों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अब चुनाव संबंधी अन्य व्यवस्थाओं, जैसे कि मतदान बूथों की अंतिम सूची तैयार करना, चुनाव सामग्री का वितरण और मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को और तेज़ी दी जाएगी। मतपत्रों की खेप आने से अब यह सुनिश्चित हो गया है कि मतदान की तिथि के अनुसार सभी तैयारियां समय के अंदर पूरी कर ली जाएंगी।
—–
पंचायत चुनाव के पदों की संख्या
ग्राम पंचायत सदस्य वार्डों की संख्या : 13803
ग्राम प्रधान :1187
क्षेत्र पंचायत सदस्य :1078
जिला पंचायत सदस्य : 43
