
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में आंधी और बारिश की वजह से मौसम ने करवट ली है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।
मानसून पूर्व सक्रियताओं के चलते इन क्षेत्रों में गर्म हवाओं से राहत मिल सकती है और तापमान में गिरावट के आसार हैं।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले पांच दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
1 से 3 मई के बीच बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले सात दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 2-3 मई को 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण चारधाम यात्रा बाधित हो सकती है। कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और अंधड़ को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के चलते हीटवेव की स्थिति में सुधार होगा और 2 मई से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश शुरू हो सकती है। बुधवार को कुछ स्थानों पर तापमान 46.4 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन अब तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट संभव है।
उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं से गर्मी में राहत मिली है। पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में बारिश और गरज के साथ छींटों की संभावना जताई गई है।
राज्य में 6 मई तक बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। आज से अगले 6 दिनों तक राजधानी और आसपास के क्षेत्रों जैसे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी-तूफान भी आ सकते हैं। 4 से 6 मई तक रुक-रुक कर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।