
लखनऊ। नगर आयुक्त के निर्देश और अपर नगर आयुक्त के आदेश पर लखनऊ नगर निगम ने सोमवार को जोन-7 के थाना गुडंबा अंतर्गत कल्याणपुर क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। यह कार्रवाई पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल एवं प्रवर्तन दल की उपस्थिति में की गई।
नगर निगम को लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र में कुछ पशुपालक गोबर को नालियों में बहा रहे हैं, जिससे नालियां चोक हो रही थीं और क्षेत्र में गंदगी, जलभराव व मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा था। नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया।
अभियान के दौरान 10 भैंसें, 6 गायें और 2 पड़िया बरामद की गईं। इन सभी पशुओं को नगर निगम ने पीजीआई स्थित कांजी हाउस में निरुद्ध कर दिया है। संबंधित पशुपालकों को सूचित किया गया है कि वे निर्धारित जुर्माना भरने के बाद ही अपने पशुओं को छुड़ा सकेंगे।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहरी क्षेत्रों में डेयरी संचालन की अनुमति नहीं है। नगर निगम अधिनियम 1959 के तहत भैंस को ‘अपदूषण कारक’ पशु घोषित किया गया है, और शहरी क्षेत्र में भैंस पालने पर रोक है। केवल दो गायों को ही नगर क्षेत्र में रखने की अनुमति है, वह भी वैध लाइसेंस प्राप्त करने के बाद।
नगर निगम ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य न सिर्फ अवैध डेयरियों को हटाना है, बल्कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और रोगमुक्त बनाए रखना भी है। निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान को सफल बनाने में पशु कल्याण विभाग के डॉ. अभिनव वर्मा के साथ शिवेक, रामकुमार और नदीम ने सहयोग किया। नगर निगम ने बताया कि इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगी, जिससे स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जा सके।