
•रिकाबगंज में सबसे महंगी ज़मीन, नई दरें आज से लागू
अयोध्या। अयोध्या में ज़मीन खरीदना अब और महंगा हो गया है। आठ वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जिला प्रशासन ने ज़मीन के सर्किल रेट में औसतन 35% और कुछ क्षेत्रों में 200% तक की वृद्धि कर दी है। यह बढ़ोतरी स्थान और ज़मीन के उपयोग (आवासीय/व्यावसायिक) के आधार पर तय की गई है। नई दरों के अनुसार जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया आज सोमवार से शुरू कर दी गई है।
रिकाबगंज में सबसे महंगी ज़मीन
शहर के मुख्य क्षेत्रों में शामिल रिकाबगंज का सर्किल रेट अब ₹27,900 प्रति वर्ग मीटर हो गया है, जो अयोध्या का सबसे ऊँचा सर्किल रेट माना जा रहा है।
राम मंदिर के अन्य निकटवर्ती क्षेत्रों में भी बढ़े सर्किल रेट : राम मंदिर से करीब 5 किमी दूर माझा तिहुरा में पहले सर्किल रेट 1700 रुपए प्रति वर्ग मीटर था, इसे बढ़ाकर 5100 रुपए प्रति वर्ग मीटर किया गया है।
राम मंदिर से करीब डेढ़ किमी दूर माझा बरेटा में पहले सर्किल रेट 5100 रुपए प्रति वर्ग मीटर था, इसे बढ़ाकर 7200 रुपए वर्ग मीटर किया गया है।
राम मंदिर से 2 किमी दूर दर्शन नगर कुशवाहा में पहले सर्किट रेट 3900 रुपए वर्ग मीटर था, इसे बढ़ाकर अब 4900 रुपए वर्ग मीटर किया गया है।
राम मंदिर से 5 किमी दूर सराय राशि माझा में पहले सर्किल रेट 1700 रुपए वर्ग मीटर था, इसे बढ़ाकर 3800 रुपए वर्ग मीटर किया गया है।
राम मंदिर से 5 किमी दूर रामपुर हलवारा में पहले सर्किल रेट 1700 रुपए वर्ग मीटर था, इसे बढ़ाकर 3800 रुपए वर्ग मीटर किया गया है।
विकास और धार्मिक पर्यटन का असर
विशेषज्ञों के अनुसार, यह बढ़ोतरी राम मंदिर निर्माण, इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास, और बढ़ते धार्मिक पर्यटन की वजह से ज़मीन की मांग में आई तेजी को देखते हुए की गई है। प्रशासन का मानना है कि इससे राजस्व में वृद्धि होगी और अयोध्या के आसपास के क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा मिलेगा।
नोट: ज़मीन की खरीद-फरोख्त करने वाले नागरिकों और रियल एस्टेट निवेशकों को सलाह दी जाती है कि वे नई दरों के अनुसार ही रजिस्ट्री कराएं और स्थानीय रजिस्ट्रेशन कार्यालय से विस्तृत जानकारी प्राप्त करें।