
•जनप्रतिनिधियों को नेता नहीं, बेटा बनकर निभानी चाहिए जिम्मेदारी: विधायक अंकुर राज त्रिपाठी
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, खलीलाबाद स्थित सभागार कक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार की ग्राम्य विकास राज्यमंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में हर क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने बताया कि भारत ने न केवल राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों में प्रगति की है, बल्कि सामरिक रूप से भी विश्व में अपनी सशक्त पहचान बनाई है।


मंत्री श्रीमती गौतम ने कहा कि भारत आज ब्रिटेन, जापान और यूनाइटेड किंगडम जैसी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को पीछे छोड़ते हुए विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने इसे सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित “स्वर्णिम काल” बताया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, विधायक अंकुर राज त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामललित चौधरी, गणेश पांडेय, अनिरुद्ध निषाद, भूपेंद्र सिंह, भगवानदास यादव, लाल बहादुर, रामनैन शर्मा, गौरव निषाद सहित अन्य प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिली: विधायक अंकुर राज त्रिपाठी
विधायक अंकुर राज त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने भारत को एक नई पहचान दी है। देश की जनता का विश्वास पहले की अस्थिर और भ्रष्ट सरकारों से टूट चुका था, लेकिन बीते 11 वर्षों में यह विश्वास फिर से स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा, “आज का नेतृत्व न केवल भ्रष्टाचार मुक्त और तुष्टिकरण से दूर है, बल्कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को भी पूरा कर रहा है।”
विधायक ने जोर देकर कहा कि हम सब जनप्रतिनिधियों का यह कर्तव्य बनता है कि हम नेता नहीं, बेटा बनकर समाज की सेवा करें। यदि कोई भारत पर युद्ध थोपेगा, तो देश की ओर से जवाब सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के रूप में मिलेगा।
भारत की सैन्य ताकत का लोहा दुनिया ने माना
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने अपनी सैन्य क्षमता का विश्व स्तर पर प्रदर्शन किया है। अब वह दौर नहीं रहा कि भारत केवल शांति की बात करे — भारत अब शांति के साथ-साथ सशक्त जवाब देने में भी सक्षम है।
भाजपा जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्षों के कुशल नेतृत्व में भारत ने “सशक्त और सुरक्षित राष्ट्र” बनने की दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कठोर एवं निर्णायक कार्यवाही करते हुए भारत ने सुरक्षा के मोर्चे पर भी नई ऊँचाइयों को छुआ है।
कार्यक्रम के संयोजक भूपेंद्र त्रिपाठी, सहसंयोजक विनोद पांडेय, प्रदर्शनी संयोजक सचिन राय, अध्यक्षता अमर राय ने की। मंच संचालन कौशलेंद्र सिंह द्वारा किया गया। मीडिया प्रभारी ब्रह्मानंद पांडेय सहित अनेक गणमान्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।