
प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र में एक महिला के घर को दबंगों ने जबरन तोड़ दिया। यह घटना सिरसा पुलिस चौकी के बाल मुकुंद नगर गुडहट्टी में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुभाष विश्वकर्मा राम जानकी ट्रस्ट की जमीन पर घर बनाकर परिवार के साथ रह रहे थे। शनिवार सुबह राम जानकी ट्रस्ट के अध्यक्ष ने सिरसा चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय से मुलाकात की। इसके बाद सुभाष को पुलिस चौकी में लाकर बैठा लिया गया।
आरोप है कि सुभाष को चौकी में बैठाने के बाद कुछ लोग उसके घर पहुंचे। उन्होंने पत्नी सुधा विश्वकर्मा से 5 लाख रुपए की मांग की। सुधा ने पैसे देने में असमर्थता जताई। इस पर दबंगों ने सुधा को घसीटकर बाहर निकाल लिया। फिर 8-10 लोगों ने मिलकर उनका कच्चा मकान तोड़ दिया।
सुधा ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस आई और खानापूर्ति करने के बाद लौट गई। सुधा ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। चौकी प्रभारी ने दबंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
पीड़िता ने बारिश में खुले में रहने की मजबूरी जताई। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें या उनके बच्चों को कुछ होता है तो इसके जिम्मेदार चौकी प्रभारी होंगे। रविवार दोपहर साढ़े तीन बजे पीड़िता सुधा ने मेजा एसीपी एसपी उपाध्याय से मिलकर शिकायत की। एसीपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।