
नई दिल्ली। देशभर में मानसून ने अपने पैर पसार लिए है। दिल्ली, पंजाब, हिमाचल, समेत पूरे उत्तर भारत में तेज बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 5 जगह बादल फटा है। इसके चलते अचानक आई बाढ़ में कई लोग बह गए।
कुल्लू में 2 हजार टूरिस्ट फंसे
हिमाचल के जीवा नाला (सैंज), शिलागढ़ (गढ़सा) घाटी, स्त्रो गैलरी (मनाली), होरनगढ़ (बंजार), कांगड़ा और धर्मशाला के खनियारा में बादल फटा। जिस कारण वहां बाढ़ जैसे हालात बन गए है। वहीं, दो लोगों की लाश भी बरामद की गई है। वहीं, कुल्लू में 2 हजार टूरिस्ट फंसे हैं। डैम से पानी छोड़ने का अलर्ट जारी किया गया है।
गुजरात में बाढ़ जैसे हालात
गुजरात के अहमदाबाद में पिछले 12 घंटे से तेज बारिश हो रही है। इससे अहमदाबाद शहर में बाढ़ जैसे हालात हैं। पूर्वी क्षेत्र के मणिनगर, वटवा, सिटीएम, हाटकेश्वर, निकोल ओधव और विराट नगर समेत कई इलाकों में पानी भर गया। बारिश के पानी के बहाव में एक बाइक सवार ड्रेनेज लाइन में फंस गया। दमकल विभाग ने 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ड्रेनेज लाइन से 200 फीट दूर उसका शव बरामद किया। इस सीजन में अब तक शहर में 6:03 इंच बारिश हो चुकी है। सूरत में भी लगातार तीसरे दिन गुरुवार को बाढ़ के हालात हैं। गीतानगर इलाका में 3 से 4 फीट पानी में डूबा हुआ है। यहां तबीयत बिगड़ने के बाद एक गर्भवती महिला का फायर बिग्रेड टीम ने रेस्क्यू किया और अस्पताल पहुंचाया।
केरल में रेड अलर्ट
केरल में मानसूनी बारिश से एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर जिलों के कुछ निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई। IMD ने इन तीन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। तेज बारिश और तेज हवाओं के तिरुवनंतपुरम में कई जगह बड़े-बड़े होर्डिंग्स गिर गए, पेड़ उखड़ गए। IMD ने इडुक्की, मल्लापुरम और वायनाड जिलों के लिए रेड अलर्ट और राज्य के अन्य 7 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
00