
बस्ती। जनपद बस्ती की परसरामपुर पुलिस को आज बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते 16 जुलाई को हुए फायरिंग की घटना के मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में आज सुबह करीब 07:36 बजे थाना क्षेत्र के ग्राम गौरा पाण्डेय से की गई।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अभिषेक शुक्ला पुत्र सुनील पंडित, निवासी धारीघाट करहिया, थाना खोड़ारे, जनपद गोंडा, उम्र लगभग 19 वर्ष तथा गोविन्द्र मौर्या पुत्र रामनरायन मौर्या, निवासी ग्राम बनकटवा बाजार, थाना खोड़ारे, जनपद गोंडा, उम्र लगभग 23 वर्ष के रूप में हुई है
घटना का संक्षिप्त विवरण:
दिनांक 16 जुलाई को वादी ने परसरामपुर थाने में तहरीर दी थी कि उसका बेटा सूरज विश्वकर्मा अपने साथी अजीत पाण्डेय के साथ जगन्नाथपुर की ओर जा रहा था। उसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से आए और सूरज को असलहे से गोली मार दी। घायल सूरज को उसके साथी अजीत द्वारा तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना परसरामपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 215/2025, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत अज्ञात तीन व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी। तफ्तीश में तेजी लाते हुए पुलिस ने दो अभियुक्तों को चिन्हित कर आज गिरफ्तार कर लिया। तीसरे अभियुक्त की तलाश जारी है।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी में पुलिस टीम में थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, परसरामपुर, उपनिरीक्षक झारखण्डेय पाण्डेय, हेड कांस्टेबल राघवेन्द्र दूबे, कांस्टेबल पंकज कुशवाहा तथा कांस्टेबल आनंद यादव शामिल रहे।