
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का आज मंगलवार को नई दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और 11 मई 2025 से अस्पताल में भर्ती थे।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उन्हें गंभीर मूत्र मार्ग संक्रमण (UTI) और किडनी फेल्यर के कारण आईसीयू में रखा गया था।
पूर्व में भाजपा से जुड़े रहे सत्यपाल मलिक 79 वर्ष के थे, हालांकि कुछ रिपोर्टों में उनकी उम्र 78 वर्ष बताई जा रही है। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है।
यह उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का भी दिल्ली में निधन हुआ था।
शिबू सोरेन ने सोमवार को सर गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली थी और आज उनका अंतिम संस्कार किया गया।
सत्यपाल मलिक का राजनीतिक सफर:
सत्यपाल मलिक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के हिसवदा गांव के निवासी थे। उन्होंने मेरठ विश्वविद्यालय से B.Sc. और LLB की डिग्रियां प्राप्त की थीं। 1968-69 में वे छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे, यहीं से उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई।
उन्होंने भारत के कई राज्यों में राज्यपाल के रूप में सेवाएं दीं:
- बिहार – 30 सितंबर 2017 से 21 अगस्त 2018
- ओडिशा – 21 मार्च 2018 से 28 मई 2018
- जम्मू और कश्मीर – 23 अगस्त 2018 से 30 अक्टूबर 2019
- गोवा – 3 नवंबर 2019 से 18 अगस्त 2020
- मेघालय – 18 अगस्त 2020 से 3 अक्टूबर 2022
उनकी सादगीपूर्ण छवि और बेबाक बयानों के लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे।