
हरिद्वार से शैलेंद्र कुमार की रिपोर्ट।
हरिद्वार। ऋषिकुल मेला मैदान में बीते दिवस उस समय विवाद बढ़ गया जब पार्किंग की पर्ची गुम हो जाने पर तैनात कर्मचारियों ने कांग्रेस पार्षद हिमांशु के साथ अभद्रता कर दी।
पार्षद ने अपना परिचय देते हुए कर्मचारियों को जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि कर्मचारियों ने उनके साथ गलत व्यवहार किया। इस घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, मुरली मनोहर, पार्षद विक्की भूषण, अंकित चौहान, रवि बाबू शर्मा, विष्णु शर्मा समेत व्यापार मंडल से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और मेले में हंगामा किया। उन्होंने मेला संचालकों और कर्मचारियों को खरी-खोटी सुनाई तथा धरने पर बैठ गए।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को मायापुर पुलिस चौकी ले जाया गया। यहां भी बहस बाजी हुई, लेकिन अंततः मेला संचालक और कर्मचारियों ने पार्षद से माफी मांग ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया।
गौरतलब है कि ऋषिकुल मैदान में चल रहे मेले में प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। पहले सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रवेश शुल्क पर रोक लगा दी थी, लेकिन बाद में पुनः शुल्क लागू कर दिया गया। इसी को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है, जो सोमवार को पार्षद के साथ हुई अभद्रता के बाद और बढ़ गया।