लखनऊ। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के जोन पूर्वी के थाना गुडम्बा पुलिस ने ग्राम बेहटा में हुए विस्फोट से संबंधित दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों द्वारा अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था, जिससे यह गंभीर घटना घटित हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों पर पुरस्कार घोषित किया गया था और उन्हें पुलिस ने स्कार्पियो क्लब के पास से पकड़ लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध विस्फोटक निर्माण गिरोह का पर्दाफाश हुआ है और सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया गया है।
गौरतलब है कि 31 अगस्त 2025 को ग्राम बेहटा में एक मकान में अचानक तेज विस्फोट हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। गिर चुके मकान और आसपास के मकानों से सात लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहाँ दो लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि उपचार के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया था।
घटनास्थल पर थाना प्रभारी प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था, जिलाधिकारी लखनऊ, पुलिस उपायुक्त पूर्वी, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी तथा अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने जांच की। गहन जांच में पाया गया कि कुछ लोगों द्वारा विस्फोटक अधिनियम की शर्तों का उल्लंघन करते हुए अवैध निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। इसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ बरामद कर बीडीडीएस टीम की मदद से उन्हें निष्क्रिय कराया। जांच अभी भी जारी है।
घटना के संबंध में थाना गुडम्बा में मु0अ0सं0 346/25 धारा 105/110/3(5) बीएनएस तथा धारा 3/4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त मु0अ0सं0 350/25 धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत भी अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने पहले ही अभियुक्त टीनू उर्फ अली अहमद को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। वहीं शेष वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त पूर्वी द्वारा 25,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
आज दिनांक 07 सितम्बर 2025 को पुलिस ने इन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मो0 नसीम पुत्र स्व0 कमरूद्दीन और मो0 याकूब उर्फ घपलू पुत्र स्व0 मो0 अयूब शामिल हैं, जो ग्राम बेहटा, थाना गुडम्बा के निवासी हैं। दोनों की उम्र क्रमशः 54 और 53 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उन्हें स्कार्पियो क्लब के पास से पकड़ा और अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ के लिए अन्य साथियों के साथ मिलकर विस्फोटक अधिनियम की शर्तों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थों का निर्माण और भंडारण कर रहे थे। इसी कारण ग्राम बेहटा में यह भीषण हादसा हुआ।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच जारी है और अन्य आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएँगे।गिरफ्तारी टीम में थाना प्रभारी प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव के साथ उपनिरीक्षक हरिओम पटेल, उपनिरीक्षक यशपाल, उपनिरीक्षक कृपाराम यादव, हेड कांस्टेबल अमित कुमार सिंह, कांस्टेबल मिथिलेश, कांस्टेबल विकल्प, कांस्टेबल दलबीर सिंह और कांस्टेबल श्रीकृष्ण चौधरी शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों का पूर्व आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और जल्द ही अन्य पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल विस्फोटक सामग्री के अवैध भंडारण की घटनाओं पर रोक लगेगी बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी भरोसा बढ़ेगा। अधिकारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को तुरंत देने की अपील की है।
———————————–
