बस्ती। जनपद के पैतृक ग्राम मंझरिया विक्रम में रविवार को पूरे गांववासियों के सहयोग एवं आस्था से मां भद्रकाली की दिव्य प्रतिमा की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। धार्मिक उत्साह से ओत-प्रोत माहौल में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पूजन-अर्चन कर मां से सुख-समृद्धि एवं कल्याण की मंगलकामना की।


गांव के प्रमुख स्थान पर स्थापित की गई मां भद्रकाली की प्रतिमा का अलौकिक स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। प्रातःकाल से ही वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। उपस्थित ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से मां भद्रकाली की आराधना करते हुए दिव्य अनुष्ठानों में भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक गीतों और भजनों से कार्यक्रम को और भी भव्यता प्रदान की।
इस पावन अवसर पर संत प्रकाश त्रिपाठी, पुष्पराज त्रिपाठी, हेमेंद्र विक्रम त्रिपाठी, सौरभ त्रिपाठी, विंध्यवासिनी त्रिपाठी, शिवेश त्रिपाठी, आनंद त्रिपाठी, विजय चौधरी, शिवांश त्रिपाठी, विपुल त्रिपाठी, कौस्तुभ त्रिपाठी समेत समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर प्रतिमा स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा के आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
विशेष आभार पवन त्रिपाठी द्वारा व्यक्त किया गया, जिन्होंने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतिमा स्थापना के पश्चात महाप्रसाद का भी आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामवासियों सहित दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और मां का प्रसाद ग्रहण कर अपने को धन्य माना।
ग्रामवासियों ने इसे अपने जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया और विश्वास व्यक्त किया कि मां भद्रकाली की कृपा से पूरे गांव में सुख-शांति, आपसी एकता और समृद्धि का संचार होगा।
