
बस्ती। शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन बुधवार को महसो क्षेत्र के चिलवनिया, निपानिया, महसो पूरब टोला, पश्चिम टोला, पंडा टोला, महसो चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद भक्तों द्वारा पंडालों में हवन किया गया।
नवरात्रि के अंतिम दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा होती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां सिद्धिदात्री भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं और उन्हें यश, बल एवं धन प्रदान करती हैं। शास्त्रों में मां सिद्धिदात्री को सिद्धि और मोक्ष की देवी माना गया है।





मातृशक्ति सेवा मंडल द्वारा महसो पश्चिम टोला में मंगलवार को जवाबी कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें कानपुर से पधारे लालमन उर्फ़ चंचल तथा बुंदेलखंड से आए कीर्तन सम्राट मुकेश कुमार मृदुल ने जवाबी कीर्तन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान घनश्याम उर्फ़ पतर सोनकर, भावी प्रधान प्रत्याशी अर्जुन कनौजिया एवं विजय गुप्ता मौजूद रहे।
महसो चौराहे पर राधा-कृष्ण, कृष्ण-सुदामा, शंकर-पार्वती, माँ काली, महिषासुर मर्दिनी समेत विभिन्न देवी-देवताओं की झांकी निकाली गई। इस मौके पर शिव प्रताप सिंह, विशाल सिंह, कन्हैया गुप्ता, चंद्रेश ठाकुर, भुझारत, संटू सिंह, दिव्यम सिंह, आदित्य अमन एवं अजय ठाकुर उपस्थित रहे।
नवरात्रि के अंतिम दिन देवी भक्तों द्वारा कन्या भोजन भी कराया गया। वहीं, निपानिया चौराहे पर स्थापित माँ दुर्गा की पूजा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी संतकबीरनगर सुरेश राजभर ने की।