•जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने गोशाला में गाय को खिलाए गुड़।
बस्ती। जिलेभर में भैयादूज का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाई के माथे पर अक्षत तिलक किया, आरती उतारी, मिठाई खिलाई और दीर्घायु की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को आकर्षक उपहार प्रदान किए। इस मौके पर बाजार में भी भारी भीड़ रही।
भैयादूज पर बहनों ने भाईयों की सुख समृद्धि और मंगलकामना के लिए व्रत रखा। कहीं बहनें अपने भाइयों के घर भाई दूज मनाने के लिए पहुंचीं, तो कहीं भाई अपनी बहनों के घर पहुंचे। इस दौरान सुबह से ही बाजार में भीड़ रही। बहनों ने अपने भाइयों के लिए मिठाई, गोला आदि की खरीदारी की। भाइयों ने अपनी बहनों की पसंद के उपहार खरीदे। बहनों ने अपने भाइयों को रोली, चावल से तिलक किया, आरती उतारी और मिठाई खिलाई। साथ ही भाइयों की सुख, समृद्धि और लंबी उम्र की कामना की। भाइयों ने बहनों को आकर्षक उपहार प्रदान किए तथा रक्षा का संकल्प लिया।
जिला कारागार में भैया दूज के अवसर पर बहनों ने अपने बंदी भाइयों से मुलाकात की। इस दौरान बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु और मंगल कामना की। जेल के मुख्य द्वार पर सुबह से ही मुलाकात के लिए बहनों की लंबी कतारें लगी रही।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने गोशाला में किया गोवर्धन पूजा जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने गोशाला में गोवर्धन पूजा के अवसर पर गोवंश को गुड और फल खिलाकर विधि-विधान से उनकी पूजा अर्चना किया। गोवर्धन पूजा का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की पूजा और संरक्षण का संदेश देना है।
