लखनऊ। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री श्री एच.डी. कुमारस्वामी ने शुक्रवार को सरोजनीनगर इंडस्ट्रियल एरिया में अशोक लेलैण्ड के नवीन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का औपचारिक उद्घाटन किया।

इस अवसर पर सभी ने प्लांट का अवलोकन किया, इलेक्ट्रिक वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया और परिसर में सिंदूर व रुद्राक्ष के पौधरोपण कर कार्यक्रम को शुभारंभ किया।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने अपनी पहचान पूरी तरह बदल ली है। प्रदेश अब विकास का पर्याय बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था इतनी सुदृढ़ है कि आम नागरिक और निवेशक दोनों ही सुरक्षित महसूस करते हैं। लखनऊ में स्थापित वर्ल्ड क्लास ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड कमर्शियल व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट प्रदेश की औद्योगिक यात्रा में मील का पत्थर साबित होगी।
रक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश में रक्षा क्षेत्र की गतिविधियाँ भी तेजी से बढ़ रही हैं। ब्रह्मोस एयरोस्पेस की फैक्ट्री स्थापित की गई है, जहां ब्रह्मोस मिसाइल का उत्पादन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से हथियार, गोला-बारूद और लड़ाकू जहाजों से संबंधित उत्पाद तैयार होंगे। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और भारत आत्मनिर्भर बन रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह प्लांट प्रदेश के प्रति उद्योगपतियों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। इस इंटीग्रेटेड पैसेंज और बस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की प्रारंभिक क्षमता 2,500 यूनिट प्रतिवर्ष है, जिसे चरणबद्ध तरीके से 5,000 यूनिट तक बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर भी प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बन चुका है। प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी, एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, मेट्रो सेवा और रेल नेटवर्क की सुविधा है। उन्होंने बताया कि राज्य ने पिछले साढ़े आठ वर्षों में निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अशोक लेलैण्ड प्लांट ‘मेक इन इंडिया’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का प्रतीक है। केवल 18 महीनों में विश्वस्तरीय इस प्लांट का निर्माण सम्पन्न हुआ, जो डबल इंजन सरकार की फास्ट ट्रैक अप्रूवल प्रणाली और सुशासन का प्रमाण है।
इस अवसर पर केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, विधायक राजेश्वर सिंह, हिन्दुजा ग्रुप और अशोक लेलैण्ड के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।इस उद्घाटन के साथ ही उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश, रोजगार और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्षेत्र में नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर हो गया है।
