-त्योहारों के मद्देनजर गश्त व सतर्कता का सीओ ने दिए निर्देश।
बस्ती। मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी के निर्देशन में यूपी-112 के पीआरवी एवं आरओआईपी कर्मियों की एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक यूपी-112 राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने की।
कार्यशाला के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर ने सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की मासिक रैंकिंग की समीक्षा करते हुए पीआरवी कर्मियों को रिस्पांस टाइम और कॉलर संतुष्टि प्रतिशत बेहतर करने के निर्देश दिए। कहा कि त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से ही जनता का भरोसा पुलिस पर बना रह सकता है।
इसके साथ ही उन्होंने सभी कर्मियों को मैनुअल के अनुसार शीतकालीन वर्दी पहनने, अनुशासन बनाए रखने, पीआरवी वाहनों को साफ-सुथरा रखने तथा आम जनता से शालीन व्यवहार करने की हिदायत दी। किसी भी गंभीर घटना की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।
घटनास्थल पर पहुंचकर संदिग्ध वस्तुओं पर नजर रखते हुए वीडियोग्राफी की जाए तथा स्वतंत्र साक्षी और चौकीदार के नाम व बयान एटीआर में अंकित किए जाएं। आरओआईपी कर्मियों को प्रत्येक इवेंट के एटीआर की नियमित मॉनिटरिंग करने और पीआरवी कर्मियों को सही मार्गदर्शन देने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यशाला में पीआरवी वाहनों में लगे एक्सपायर फायर एक्सटिंग्विशर की रिफिलिंग कराने तथा फर्स्ट एड बॉक्स में नई दवाएं रखने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा, यदि कोई मामला न्यायालय, राजस्व या अन्य विभाग से संबंधित हो तो उसका पूरा विवरण एटीआर में दर्ज करने को कहा गया।क्षेत्राधिकारी सदर ने पीआरवी कर्मियों को क्राइम सीन किट के प्रयोग का प्रशिक्षण भी दिया।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल का संरक्षण, साक्ष्यों को सुरक्षित रखना, बिना दस्ताने साक्ष्य न छूना और पूरी घटना का दस्तावेजीकरण करना अत्यंत आवश्यक है। गोष्ठी के अंत में आगामी त्योहारों को देखते हुए भीड़भाड़ वाले इलाकों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए सतत गश्त, रात्रि में हूटर लाइट का प्रयोग, जीपीएस चालू रखने और सजगता बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि यूपी-112 बस्ती की सकारात्मक छवि जनता में बनी रहे।
इसमें प्रभारी आरओआईपी उपनिरीक्षक चंद्रकेश राय, उपनिरीक्षक सुभाष चंद वर्मा, उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक राघवेंद्र प्रताप सिंह तथा बीईएल प्रशिक्षक रत्नाकर पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
