बस्ती। चौधरी चरण सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय पद्मापुर बस्ती में चल रहे एनसीसी कैंप में 500 से ज्यादा कैडेट्स को योग सत्र के दौरान इंडियन योग एसोसिएशन के योगाचार्य राम मोहन पाल ने योग के बारे में बताते हुए कहा कि योग एक वैदिक परंपरा है जिसको अपनाकर हम शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य ही नहीं अपितु आध्यात्मिक स्वास्थ्य को भी प्राप्त कर सकते हैं और जो शारीरिक मानसिक और आध्यात्मिक स्तर पर स्वस्थ है, वही पूर्ण स्वस्थ की श्रेणी में आता है जो कि योग से ही सम्भव है।
बताया कि आज की प्रदूषण भरे वातावरण में अपने आप को बीमारियों से बचाना चैलेंज हो गया है। अतः अपनी दिनचर्या में प्रतिदिन नियमित रूप से प्राणायाम व्यायाम और आसनों को सम्मिलित करके रोगों और व्याधियों से बचा जा सकता है। साथ ही आहार विचार वाणी व्यवहार की शुद्धता को ध्यान में रखना होगा।
इसी कड़ी में योगाचार्य वेदांत सिंह ने सूर्य नमस्कार करके उससे होने वाले लाभ को बताते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार संपूर्ण व्यायाम है इससे शरीर के समस्त रोगों का निदान होता है। कैंप में उपस्थित कमांडेंट एवं जेके शाही अधिकारी गण के द्वारा राम मोहन पाल एवं वेदांत सिंह को मोमेन्टो देकर सम्मानित किया गया। एनसीसी कैडेट के सभी अधिकारी मौजूद रहे।
