जौनपुर। पुलिस ने शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर पैसे ऐंठने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आदमपुर मोड़ के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 32,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कौड़िया थाना शाहगंज निवासी बृजेश कुमार गौतम, ख्म्हौरा थाना सराय ख्वाजा निवासी आशु गौतम, मीरपुर थाना जलालपुर आंबेडकरनगर निवासी रुक्सार और मियापुर थाना लाइन बाजार निवासी काजल शामिल हैं।
इस गिरोह ने संभल निवासी एक युवक विनोद कुमार को फर्जी दुल्हन का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठे थे। यह गिरोह अविवाहित पुरुषों के मोबाइल नंबर हासिल करता था। फिर उनसे फोन पर संपर्क कर शादी का प्रस्ताव देता था। इसके लिए वे अपनी ही सहयोगी लड़कियों की तस्वीरें भेजते थे और उन्हें शादी के लिए बुलाते थे। शादी के नाम पर खरीदारी और अन्य खर्चों के बहाने पैसे ऐंठे जाते थे।
मामले के अनुसार, गिरोह को संभल के टंकी मोहल्ला, थाना घिन्नौर कोतवाली निवासी विनोद कुमार पुत्र गजराम के बारे में जानकारी मिली, जो शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहे थे गिरोह ने उनके साले, जिनकी ससुराल बहाउद्दीनपुर, थाना सराय ख्वाजा, जौनपुर में है, के माध्यम से विनोद से संपर्क साधा।
इसके बाद, गिरोह ने अपनी सहयोगी नेहा की तस्वीर भेजकर विनोद को शादी के लिए मल्हनी बाजार बुलाया। वहां गिरोह के सदस्यों ने विनोद से शादी की खरीदारी और अन्य खर्चों के नाम पर पैसे मांगे। विनोद ने बताया कि उनका भाई पैसे भेजेगा। गिरोह विनोद को जन सेवा केंद्र ले गया, जहां स्कैनर के माध्यम से विनोद ने अपने भाइयों से पैसे मंगवाए।पैसे मिलने के बाद, गिरोह ने वह रकम आपस में बांट ली और कुछ सामान खरीदे। इसके बाद नेहा और विनोद को मल्हनी के एक मंदिर में ले जाकर उनकी झूठी शादी करवाई गई। शादी के बाद फर्जी दुल्हन फरार हो गई थी।
शादी के बाद, जब वे विनोद को ट्रेन पकड़वाने के लिए जौनपुर स्टेशन जा रहे थे, तो रास्ते में कुत्तूपुर के पास विनोद को पानी लेने के लिए भेजा गया। विनोद के जाते ही गिरोह नेहा को लेकर वहां से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि विनोद से मिली रकम उन्होंने खर्च कर दी थी।
उसके पास से 32,500 रुपये बरामद हुए हैं, जबकि शेष पैसे सचिन और नेहा के पास होने की बात कही गई है। आरोपी ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले भी छतरपुर, अंबेडकर नगर और जौनपुर सहित कई स्थानों पर ऐसी कई घटनाओं को अंजाम दिया है।
