सुलतानपुर। गन्ना उत्पादन को अधिक लाभकारी और वैज्ञानिक बनाने के उद्देश्य से जनपद सुलतानपुर व अमेठी क्षेत्र के 40 प्रगतिशील गन्ना किसानों का दल सोमवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण लेने के लिए शाहजहांपुर स्थित गन्ना शोध संस्थान के लिए रवाना हुआ। यह दल शाहजहांपुर से लौटते हुए लखनऊ स्थित गन्ना विकास संस्थान भी जाएंगा।यह दल गन्ना विकास परिषद द्वारा भेजा गया है।
इस दल को जिला पंचायत गेट पर मुख्य अतिथि भाजपा जिला मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी व गन्ना विकास समिति सुलतानपुर-अमेठी के चेयरमैन गांधी सिंह ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर चेयरमैन गांधी सिंह ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को गन्ने की नई एवं उन्नत प्रजातियों के साथ आधुनिक खेती तकनीकों की जानकारी देना है। इस प्रशिक्षण से गन्ना किसान कम लागत में ज्यादा मुनाफा कमा सकेंगे।
मुख्य अतिथि विजय रघुवंशी ने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने 2025-26 पेराई सत्र के लिए गन्ने के दाम में रुपए 30 प्रति कुंतल की वृद्धि की है।जिससे अगेती गन्ना का मूल्य अब 400 रूपए प्रति क्विंटल हो गया है।इसके साथ सरकार ने पिछले 8 वर्षों में गन्ना किसानों को 2.90 लाख करोड़ रुपए से अधिक का रिकॉर्ड भुगतान किया है।
इस मौके पर वरिष्ठ गन्ना निरीक्षक अशोक वर्मा,सचिव अजय सिंह, गन्ना पर्यवेक्षक एमपी त्रिपाठी, सियाराम गुप्ता, पवन पाठक, राम सुन्दर यादव आदि मौजूद रहे।
