बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गनेशपुर टोला चौरवा निवासी अशोक कुमार गुप्ता पुत्र स्व. राम दुलारे गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पट्टीदारी में चल रहे मकान विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार भी लगाई है।
दिए गए पत्र में अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके पिता स्व. राम दुलारे और बड़े पिता स्व. रामफेर सगे भाई थे, जिन्होंने गनेशपुर टोला चौरवा में तीन मंजिला पक्का मकान बनवाया था, जिसमें संयुक्त परिवार निवास करता था। दोनों की मृत्यु के बाद भूतल पर अशोक कुमार गुप्ता का परिवार रह रहा है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर स्व. रामफेर के परिजन निवास कर रहे हैं।
आरोप है कि तीसरी मंजिल पर स्व. रामफेर के पुत्र कृष्ण गोपाल, ओम प्रकाश और धर्मेंद्र ने जबरन कब्जा कर लिया है और आए दिन विवाद करते रहते हैं। वे अशोक कुमार गुप्ता के हिस्से के मकान पर भी कब्जा करना चाहते हैं।
घटना 25 अप्रैल की बताई जा रही है, जब अशोक कुमार गुप्ता का बेटा सत्यम गुप्ता गांव के बच्चों को पढ़ा रहा था। उसी दौरान ओम प्रकाश, गोलू उर्फ आर्यन, वशू, काजल और अंजनी सहित अन्य लोगों ने मिलकर सत्यम के साथ मारपीट की। साथ ही किराना दुकान में तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी छात्रों की साइकिलों को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ। मारपीट में सत्यम को गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित के अनुसार घटना की सूचना गनेशपुर चौकी पर दी गई, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल कराकर शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की।
आरोप है कि पुलिस समझौते का दबाव बना रही है।इस पूरे मामले से अशोक कुमार गुप्ता का परिवार भयभीत है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
