
बर्लिन/लखनऊ। जर्मनी की राजधानी बर्लिन में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की झलक देखने को मिल रही है। आईटीबी बर्लिन में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों और आकर्षणों को विश्व समुदाय के समक्ष प्रदर्शित किया जा रहा है। यह अंतरराष्ट्रीय पर्यटन व्यापार मेला 4 मार्च से 6 मार्च 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जहां यूपी का स्टॉल बड़ी संख्या में आगंतुकों को आकर्षित कर रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या, काशी, मथुरा, झांसी, प्रयागराज, ललितपुर और प्रसिद्ध टाइगर रिजर्व सहित लखनऊ की चिकनकारी जैसे आकर्षणों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। इस प्रदर्शनी में 40 वर्ग मीटर क्षेत्र में यूपी टूरिज्म का भव्य स्टॉल लगाया गया है, जिसमें प्रदेश की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के साथ-साथ हस्तशिल्प, ओडीओपी उत्पादों और पारंपरिक पर्व-त्योहारों को भी दर्शाया गया है।
स्टॉल पर डिजिटल स्क्रीन, एआर इंटरएक्टिव टच पैनल, सेल्फी जोन, वीवीआईपी लाउंज और रिसेप्शन काउंटर जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। आगंतुकों की सुविधा के लिए अंग्रेजी के साथ स्थानीय भाषाओं का भी उपयोग किया जा रहा है, जिससे उन्हें उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों की जानकारी सहज रूप से मिल सके।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि आईटीबी बर्लिन में अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंटों और पर्यटन से जुड़े प्रमुख हितधारकों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन बैठकों के माध्यम से उत्तर प्रदेश में निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा की जा रही है।इसके अलावा, भारतीय दूतावास के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय रोड शो भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कम से कम 100 प्रतिभागी शामिल होंगे। इन रोड शो के माध्यम से उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों, निवेश अवसरों और मौजूदा टूर पैकेजों की जानकारी दी जाएगी।
जयवीर सिंह ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन उत्तर प्रदेश में इनबाउंड टूरिज्म को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक साबित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से प्रदेश में विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और पर्यटन क्षेत्र में नए निवेश के द्वार खुलेंगे।