
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नव्व अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गरीबों और कमजोर वर्गों के प्रति अन्याय और अत्याचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस से लेकर दबंग और गुंडे तक गरीबों पर जुल्म कर रहे हैं, लेकिन सरकार चुप्पी साधे बैठी है।
उन्होंने लखनऊ में ई-रिक्शा चालक की पुलिस द्वारा पिटाई और चित्रकूट में रिक्शा चालक से 50 हजार रुपये की घूस मांगने की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि घूस न दे पाने के कारण रिक्शा चालक की आत्महत्या की खबर दिल दहला देने वाली है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों, किसानों और श्रमिकों की आत्महत्या की घटनाएं आम हो गई हैं। सरकार से न्याय न मिलने पर किसान आत्महत्या कर रहे हैं और गरीब खुद को आग लगाने पर मजबूर हो रहे हैं। विधानसभा के सामने और मुख्यमंत्री आवास के पास ऐसी घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। यह भाजपा सरकार के अमानवीय शासन का सबसे बड़ा प्रमाण है।
उन्होंने सवाल उठाया कि अत्याचार करने वालों पर सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है? गरीबों को न्याय क्यों नहीं मिल रहा है? किसानों, नौजवानों, व्यापारियों और महिलाओं के लिए हालात खराब हो चुके हैं। थानों में भी पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, बल्कि हिरासत में मौतों के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में अराजकता बढ़ी है और जनता त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल कर अन्यायी और अत्याचारी शासन का अंत करेगी।