•बैंक कर्मचारी व शाखा प्रबंधक पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज।
हरिद्वार से शैलेंद्र कुमार की रिपोर्ट।
हरिद्वार( उत्तराखंड)। हरिद्वार जनपद में एक व्यापारी के बंद कराए गए बैंक खाते से करोड़ों रुपये के लेनदेन का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी ने बंधन बैंक के एक कर्मचारी एवं शाखा प्रबंधक पर आपसी साठगांठ कर फर्जी दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। ज्वालापुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खाता बंद कराने के बाद नहीं किया कोई लेनदेन
पुलिस के अनुसार, मुज्जमील अली पुत्र जमील अहमद, निवासी बहादराबाद ने शिकायत में बताया कि उनकी अमान ट्रेडर्स नाम से फर्म है। फर्म के नाम से उन्होंने करीब दो वर्ष पूर्व बंधन बैंक की सैनी धर्मशाला के सामने स्थित शाखा में करंट अकाउंट खुलवाया था।
दिनांक 11 अगस्त 2025 को वह बैंक शाखा पहुंचे और खाते को बंद कराने के लिए बैंक कर्मचारी आशु कुमार को प्रार्थनापत्र दिया। कर्मचारी ने खाता बंद करने का आश्वासन देकर उन्हें वापस भेज दिया। इसके बाद उनके द्वारा खाते से कोई भी लेनदेन नहीं किया गया।
कोरियर से खुला करोड़ों के लेनदेन का राज
आरोप है कि 11 अगस्त 2025 को ही बंधन बैंक की ओर से उनके पते पर एक कोरियर आया। जब कोरियर खोला गया तो उसमें खाते का विवरण मौजूद था, जिससे पता चला कि खाते से करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया है।
मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी बदलने का आरोप
जब पीड़ित बैंक शाखा पहुंचे और शाखा प्रबंधक से बात की, तो उन्हें बताया गया कि खाते में दर्ज मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी बदल दी गई है, जबकि लेनदेन के समय उनका ही मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी खाते से जुड़ी हुई थी।
आरोप है कि फर्जी हस्ताक्षरों और नकली दस्तावेजों के माध्यम से किसी अन्य व्यक्ति का मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी खाते में दर्ज की गई।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पीड़ित का आरोप है कि बैंक कर्मचारी आशु कुमार और शाखा प्रबंधक ने मिलकर धोखाधड़ी करते हुए बंद खाते से करोड़ों रुपये का लेनदेन कराया।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
