बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देशन में जनपद बस्ती के विभिन्न थानों द्वारा मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत साइबर अपराध, महिला अपराध, नारी सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन एवं महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।






इसी क्रम में थाना छावनी पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, जिसे लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त संदेश दिया है कि महिलाओं व बालिकाओं के विरुद्ध अपराध किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
थाना हरैया की मिशन शक्ति टीम ने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर थाना खास में महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध, महिला अपराध एवं विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। वहीं थाना सोनहा की टीम ने ग्राम करमहिया एवं पचपेड़वा में चौपाल लगाकर महिलाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया।
थाना वाल्टरगंज की मिशन शक्ति टीम द्वारा ग्राम जिनवा और जोगिया जोड़ी कुइया में चौपाल लगाकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी तरह थाना कलवारी की टीम ने ग्राम सोनबरसा तथा थाना कप्तानगंज की टीम ने ग्राम महुलानी में महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध से बचाव और सहायता हेल्पलाइन की जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त महिला थाना प्रभारी द्वारा मिशन शक्ति टीम के साथ भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध, महिला अपराध एवं सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों के संबंध में जागरूक किया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मिशन शक्ति फेज 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
