
•गोवंश संरक्षण व ग्रीन एनर्जी की दिशा में प्रदेश कर रहा अग्रणी प्रयास – सीएम योगी
लखनऊ। दीपोत्सव के पंच दिवसीय महापर्वों की श्रृंखला में आज पावन गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, पशुपालन और सतत विकास की भारतीय परंपरा का भी उत्सव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की समृद्धि का आधार सदैव भारतीय गोवंश रहा है। आज भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में गोवर्धन योजना के तहत गाय के गोबर से बायो-कंपोस्ट और एथेनॉल उत्पादन जैसे अभिनव कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। यह न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि गोवंश के संरक्षण और संवर्धन में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में लगभग 16 लाख गोवंश ऐसे हैं, जिन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अनुदानित किया जा रहा है। यह योजना न केवल गोवंश के संरक्षण के लिए है, बल्कि किसानों की फसलों को आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान को रोकने का भी प्रभावी प्रयास है।
उन्होंने कहा कि ग्रीन ईंधन (Green Fuel) के माध्यम से उत्तर प्रदेश नेट ज़ीरो कार्बन लक्ष्य की दिशा में तेजी से अग्रसर है, जिससे प्रदेश और देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों, अन्नदाता किसानों और पशुपालकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में समृद्धि, सुख और शांति लेकर आए।