गाजियाबाद। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा आज बुधवार संभल के लिए निकले थे, लेकिन उन्हें दिल्ली-यूपी गाजीपुर बॉर्डर पर ही पुलिस ने रोक लिया।राहुल गांधी का काफिला आगे नहीं बढ़ सका। लगभग दो घंटे गाजीपुर बाॅर्डर पर तनातनी रही। दो घंटे बाद राहुल और प्रियंका के काफिले को वापस दिल्ली भेज दिया गया। इसके बाद सभी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दिल्ली लौट गए। यहां से राहुल और प्रियंका सहित सभी कांग्रेस सांसद पार्लियामेंट चले गए।
गाजीपुर बाॅर्डर पर राहुल और प्रियंका के काफिले को संभल जाने से रोकने के लिए सुबह से ही ट्रैफिक रोक दिया गया था। प्रशासन की सख्ती से कई लोगों को काफी दिक्कत हुई। लोग अपने गंतव्य नहीं पहुंच सके। कोई पिता की अंत्येष्टि में नहीं जा सका तो कोई ऐसा भी था, जिसे सुनवाई के लिए कोर्ट जना था, लेकिन नहीं जा सका। घंटों जाम में फंसे रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने कांग्रेस नेताओं पर ही अपनी भड़ास निकालनी शुरू कर दी।गुस्से में लोग कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ही भिड़ गए। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने लोगों को थप्पड़ भी जड़ दिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम लोगों के साथ मारपीट की। इस पर गुस्साए लोगों ने राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
