
•प्रधान की मिलीभगत से दबंग का कब्जा बरकरार, पीड़ित न्याय की गुहार में भटकता।
– के.के. मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। धनघटा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजस्व ग्राम मुरादपुर में चक मार्ग पर दबंगई का मामला सामने आया है। प्रशासनिक आदेशों के बावजूद चक मार्ग से अवैध कब्जा नहीं हटाया जा सका है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
मुरादपुर गांव निवासी जयप्रकाश ने उपजिलाधिकारी, धनघटा को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि गांव के गाटा संख्या 395 व 396, जो कि काली माता मंदिर से होकर मुख्य सड़क को जोड़ने वाला चक मार्ग है, उस पर गांव के ही विष्णु प्रकाश पुत्र ठाकुर प्रसाद द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए तहसील प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर पैमाइश की गई और कब्जा हटाने का आदेश भी जारी किया गया। साथ ही ग्राम प्रधान को निर्देशित किया गया कि मार्ग को तत्काल पाटकर संपर्क मार्ग से जोड़ा जाए। लेकिन, दबंग विष्णु प्रकाश की हठधर्मिता और ग्राम प्रधान की संदिग्ध चुप्पी ने प्रशासनिक आदेशों को हवा में उड़ा दिया। न तो चक मार्ग से कब्जा हटाया गया और न ही मिट्टी डालकर रास्ता बनाया गया। प्रशासन की कार्रवाई को दरकिनार करते हुए अवैध कब्जा आज भी जस का तस बना हुआ है।
पीड़ित जयप्रकाश अब जिला प्रशासन की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं। सवाल यह है कि क्या दबंगई के आगे प्रशासन फिर घुटने टेक देगा, या कानून का डंडा चलेगा?