बस्ती। नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा कार्यक्रम स्थल के भीतर विरोध प्रदर्शन एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी किए जाने के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने कंपनीबाग चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंका गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय ने किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विरोधी नारे लगाए और आयोजन के दौरान हुए विरोध को देश की छवि के खिलाफ बताया।
भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष गोपेश्वर त्रिपाठी ने कहा कि जब भारत एक वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा था और तकनीकी क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर रहा था, उसी समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया प्रदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं देश की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं।
जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना अधिकार है, किंतु अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि को प्रभावित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य से भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
कंपनीबाग चौराहे पर आयोजित प्रदर्शन में दिग्विजय सिंह राणा, आलोक पाण्डेय, सुधाकर पाण्डेय, नगर अध्यक्ष राजन गुप्ता, टिल्लू चौरसिया, रमेश तिवारी, परशुराम, हरिशंकर पाण्डेय, प्रदीप गुप्ता, अशोक उपाध्याय ‘रिकूं’, विमल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
