लखनऊ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आज लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) के 42वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के चिकित्सकों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि संजय गांधी पीजीआई न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश में उच्च स्तरीय चिकित्सा, अनुसंधान एवं चिकित्सा शिक्षा का उत्कृष्ट केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि संस्थान ने अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, नवाचार आधारित शोध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के माध्यम से लाखों मरीजों को नया जीवन दिया है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पीजीआई भविष्य में भी चिकित्सा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुएगा और जनसेवा के अपने दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाएगा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग, नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. अभिजात चंद्रकांत सेठ, संजय गांधी पीजीआई के निदेशक प्रो. राधाकृष्ण धीमन, संकाय अध्यक्ष प्रो. शालीन कुमार, डॉ. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. सी.एम. सिंह, विशेष सचिव कृतिका शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।
42 वर्षों के सफर में संजय गांधी पीजीआई ने न केवल चिकित्सा उपचार में उत्कृष्टता दिखाई है, बल्कि शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका स्थापित की है। उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर संस्थान की प्रगति और समर्पित प्रयासों की सराहना की और कर्मचारियों को भविष्य में और उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
