हरिद्वार से अरविंद गोयल रिपोर्ट।
हरिद्वार (उत्तराखंड)। माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर सुप्रसिद्ध तीर्थ नगरी हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ब्रह्मकुंड स्थित हरकी पैड़ी पर आज सुबह लगभग 6 बजे से ही श्रद्धालु भक्तों ने पतित पावनी, मोक्षदायिनी मां गंगा के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगानी शुरू कर दी।
इस स्नान पर्व पर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं हवन आदि कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य किया और धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण कर अपने-अपने गंतव्यों के लिए प्रस्थान किया। माघी पूर्णिमा के अवसर पर हरकी पैड़ी क्षेत्र में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण बना रहा।
