बस्ती। प्रदेश सरकार के “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र श्री संजीव त्यागी ने बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर जनपदों के पुलिस अधीक्षकों व संबंधित अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश जारी किये।








डीआईजी ने निर्देश दिया कि प्रदेश के प्रत्येक थाने में महिला सुरक्षा केन्द्रों का संचालन प्रभावी ढंग से किया जाए। इन केन्द्रों पर प्रशिक्षित कार्मिकों की नियुक्ति हो तथा पीड़ित महिलाओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद और महिला उत्पीड़न जैसे मामलों को गंभीरता और संवेदनशीलता से निपटाया जाए। पारिवारिक विवादों को संवाद और परामर्श के जरिए प्राथमिकता से सुलझाने पर बल दिया गया, वहीं आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गये।
डीआईजी ने यह भी कहा कि पीड़ित महिलाओं को तत्काल कानूनी सहायता, चिकित्सीय सहयोग और आश्रय गृह की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। महिला सुरक्षा केन्द्रों पर तैनात महिला कर्मियों को और अधिक सक्रिय व संवेदनशील होकर कार्य करने की अपेक्षा जताई।
इसके साथ ही समाज में महिलाओं और किशोरियों को जागरूक करने के लिए प्रत्येक जनपद में नियमित गोष्ठियों के आयोजन पर भी बल दिया गया।
डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी उत्तर प्रदेश की मंशा के अनुरूप अभियान “मिशन शक्ति 5.0” को धरातल पर पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जाएगा, ताकि महिलाओं को भयमुक्त वातावरण मिल सके।
