जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने निर्माणाधीन नवीन जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और गुणवत्ता मानकों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि सामग्री उच्च गुणवत्ता की और मानक के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि को निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए। यह लगभग 179 करोड रुपये का प्रोजेक्ट है, जिसके पूरा होने से कारागार संचालन को गति मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने कार्यस्थल पर उपस्थित श्रमिकों से संवाद किया। उन्होंने श्रमिकों का कुशलक्षेम पूछा और श्रम पोर्टल पर उनके पंजीकरण के संबंध में जानकारी ली।
बढती ठंड को देखते हुए, उन्होंने उपस्थित श्रमिकों में कंबल भी वितरित किए। कंबल पाकर महिला श्रमिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की और जिलाधिकारी तथा शासन-प्रशासन का आभार जताया। इस अवसर पर कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिकगण उपस्थित रहे।
