
बस्ती। पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी के कुशल निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक शालिनी सिंह, महिला थाना पुलिस द्वारा “आपरेशन साथ-साथ” के तहत आज शनिवार को परिवारिक विवादों की प्राप्त शिकायतों की सुनवाई की गई। जिसमें पति-पत्नी के 07 जोड़ो के मध्य में पारिवारिक मनमुटाव विभिन्न कारणों से चल रहा था, जिसके चलते इनके आपसी रिश्ते पिछले कई महीनों से विभिन्न कारणों से खराब चल रहे थे, अभी तक दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ नहीं रहना चाहते थे। किंतु अब दोनों पक्षों को प्रभारी निरीक्षक महिला थाना डा0 शालिनी सिंह की कोशिशों और समझाने बुझाने पर दोनों पक्ष एक साथ रहने को तैयार हो गए। महिला थाना पर सुलह समझौता करवाया गया जिसके क्रम में दोनों पति- पत्नी को महिला थाने से राज़ी-खुशी विदा किया गया।




आपसी सुलह कराये गए पति-पत्नी के इन 07 जोड़ों में क्रमशः निवासिनी ग्राम महियवा सरहदी थाना पैकोलिया जनपद बस्ती, रजवापुर थाना परसरामपुर जनपद बस्ती, महसो थाना लालगंज जनपद बस्ती, साकिन कर्मापुर थाना पुरानी बस्ती जनपद बस्ती, साकिन कुश्मा थाना वाल्टरगंज जनपद बस्ती , साकिन भेतहरा थाना रूधौली जनपद बस्ती, साकिन केसरई थाना गौर जनपद बस्ती शामिल रहीं।
आपको बता दें कि महिला थाने पर पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में प्रत्येक शनिवार को परिवारिक विवादों की प्राप्त शिकायतों को अधिकारी कर्मचारीगण द्वारा बिछड़े परिवारों को पुनः जोड़ने का कार्य किया जाता है। बहुत सी ऐसी शिकायतें पर प्राप्त होती है, जो पति-पत्नी में घरेलू कलह , पति एवं अन्य ससुरालीजनों के विरूद्ध दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा आदि से संबन्धित होती हैं। महीनों से बिछड़े पति-पत्नी एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर, साथ खुश नजर आए। जिन पति- पत्नी की विदाई करायी गयी, उनका समय समय पर कुशल क्षेम जरिए दूरभाष पूछा जायेगा, जिससे सुलह की स्थिति से अवगत करा सकें।