•कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर लागू होगा यातायात डायवर्जन, पांच नवंबर रात तक रहेगा प्रभावी।
अयोध्या। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के अवसर पर रामनगरी अयोध्या में आज दोपहर 12 बजे से यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा, जो 5 नवंबर की रात तक भीड़ समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
मुख्य डायवर्जन व मार्ग परिवर्तन इस प्रकार रहेंगे —
- गोंडा मार्ग से आने वाले वाहन: पुराने सरयू पुल से लता मंगेशकर चौक की ओर आने वाले सभी वाहन लोलपुर बाईपास होकर निकाले जाएंगे।
- साकेत पेट्रोल पंप बैरियर से नया घाट व लता मंगेशकर चौक: वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- पार्किंग व्यवस्था: साकेत पुल, बालूघाट मल्टीलेवल, सूर्या पैलेस और बैकुंठ धाम के पास पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
- हनुमानगुफा चौराहा से नयाघाट: वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा, वाहन फटिकशिला आश्रम व हनुमानगुफा पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।
- रामघाट चौराहा व तपस्वी छावनी से रामपथ: वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय बैरियर से छोटी छावनी की ओर: सभी वाहन काशीराम कॉलोनी परिक्रमा मार्ग से निकाले जाएंगे।
- विद्याकुंड बैरियर से जैन मंदिर मार्ग: रामपथ पर जाने वाले वाहन बंद रहेंगे।
टेढ़ी बाजार व आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्था —
- उदया चौराहा से टेढ़ी बाजार: चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा, इन्हें उदया फ्लाईओवर से निकालकर गैस गोदाम तिराहा स्थित उदया पार्किंग में खड़ा किया जाएगा।
- रानोपाली तिराहा से टेढ़ी बाजार: दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन रानोपाली क्रॉसिंग से लंगड़वीर चौराहा होकर जाएंगे।
- टेढ़ी बाजार से श्रीराम अस्पताल मार्ग: वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा, वाहन लंगड़वीर फ्लाईओवर होकर जाएंगे।
- चूड़ामणि चौराहा से टेढ़ी बाजार: वाहन आसिफबाग और गैस गोदाम मार्ग से होकर जाएंगे।
- गैस गोदाम से काशीराम कॉलोनी, चक्रतीर्थ व राजघाट: वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा, उन्हें उदया फ्लाईओवर से निकाला जाएगा।
छूट: आवश्यक सेवाओं और एंबुलेंस वाहनों पर यह डायवर्जन लागू नहीं होगा।
वहीं प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और सहयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।
