•माचिस जलाते ही पुलिस ने रोका, बोलीं- यूपी बार काउंसिल चुनाव में अभद्रता की गई।
प्रयागराज। प्रयागराज में यूपी बार काउंसिल चुनाव की वोटिंग के दौरान सोमवार को मारपीट और हंगामा हुआ। मारपीट से नाराज बार काउंसिल सदस्य पद की उम्मीदवार महिला वकील सिविल लाइंस थाने में आत्मदाह करने पहुंच गईं।
महिला वकील श्रद्धा शुक्ला ने कहा कि जब तक आरोपी प्रत्याशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता तब तक वह थाने से नहीं हटेंगी। इसी दौरान वह हाथ में माचिस और ज्वलनशील पदार्थ लेकर थाने के भीतर बैठ गईं। कोई सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने माचिस जलाकर खुद का जलाने की कोशिश की तभी महिला पुलिसकर्मी ने उन्हें रोक लिया।
वहीं मंगलवार दोपहर को सिविल लाइंस थाने में दोनों पक्षों के वकीलों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
महिला वकील श्रद्धा शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा- 2 फरवरी 2026 की शाम को वह चुनाव प्रचार में व्यस्त थीं। तभी तिलकर नगर के रहने वाले हर्षित मिश्रा, कार्तिक मिश्रा और उनके साथ आए 30-40 अज्ञात लोगों ने घेर लिया। उनके साथ मारपीट की। इस दौरान हमलावरों ने मेरे गले से सोने की चेन छीन ली। उन्होंने कहा- मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। जो कि मेरे साथ हुई घटना की पुष्टि करता है। आरोपियों से परिवार को मुझे और मेरे परिवार को जान का खतरा है। मुझे सुरक्षा दी जाए।
