
बस्ती। कलवारी थानाक्षेत्र के टेंगरिहा राजा गांव में शुक्रवार शाम गैस सिलेंडर में लीकेज होने से आग लग गई। रामफल के घर पर गैस सिलेंडर लगाने आए सुरेमन लीकेज की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई।
हादसे में सुरेमन के साथ रामफल की पत्नी 40 वर्षीया सुमन, उनका बेटा 12 वर्षीय सिकंदर, 8 वर्षीय रितेश, 6 वर्षीया खुशी, 17 वर्षीय अंजली, 10 वर्षीय नीरज, 7 वर्षीया अंशिका और 7 वर्षीया दिव्या झुलस गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद आठ लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सुरेमन का इलाज कुदरहा स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
घटना से गांव में दहशत का माहौल है। गांव की रहने वाली शकुंतला इस हादसे से सदमे में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।