बस्ती। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित संस्कृति उत्सव 2026 के अंतर्गत मंडल स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन विगत गुरुवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बस्ती में किया गया। प्रतियोगिता में मंडल के तीनों जनपदों से आए प्रतिभागियों ने गायन, वादन, नृत्य, ललित कला एवं कविता पाठ की विधाओं में एकल व समूह श्रेणी में सहभागिता की।
बस्ती में मंडल के तीनों जनपदों के विजेताओं के मध्य यह प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें मंडल स्तर के विजेताओं का चयन किया गया। मंडल स्तर पर चयनित प्रतिभागी अब प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए लखनऊ जाएंगे।
मंडल स्तरीय कविता पाठ प्रतियोगिता में सुश्री हरि मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर मंडल में परचम लहराया। उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की प्रसिद्ध महाकाव्य रश्मिरथी के तृतीय सर्ग “कृष्ण की चेतावनी” का प्रभावशाली काव्य पाठ प्रस्तुत किया, जिसे श्रोताओं एवं निर्णायक मंडल ने सराहना के साथ स्वीकार किया। काव्य की प्रमुख पंक्तियाँ- “दो न्याय अगर तो आधा दो, पर इसमें भी यदि बाधा हो, तो दे दो केवल पाँच ग्राम, रखो अपनी धरती तमाम” ने सभागार में विशेष प्रभाव छोड़ा।
आयोजित सम्मान समारोह में सुश्री हरि मिश्रा को मुख्य अतिथि जनपद के प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, माननीय विधायक एवं जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं कविता पाठ में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली शताक्षी पाण्डेय को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि सुश्री हरि मिश्रा बहुआयामी धनी रही हैं। बता दें कि उनका चयन हरिद्वार स्थित आचार्यकुलम (पतंजलि) में तीन बार हुआ है, साथ ही आर्मी स्कूल में भी चयनित हुईं। वे राष्ट्रीय कवि सम्मेलन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान तथा उड़ीसा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल प्राप्त कर चुकी हैं। इसके अतिरिक्त वे विभिन्न मंचों पर मंच संचालन कर नेतृत्व क्षमता का भी परिचय देती रही हैं।
उनकी इस सफलता पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अग्रिम शुभकामनाएँ दी।
