
बस्ती। सदर विकास खंड अंतर्गत ग्राम गौरा यादव पुरवा में नवनिर्मित प्राथमिक विद्यालय का उद्घाटन मंगलवार को महादेवा विधानसभा के विधायक दूध राम ने फीता काटकर किया। उद्घाटन से पूर्व विधायक ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। बच्चों द्वारा इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनकी सभी ने सराहना की।
मुख्य अतिथि विधायक दूध राम ने अपने संबोधन में कहा, “यह विद्यालय आप सभी ग्रामीणों के लंबे संघर्ष का परिणाम है। कई सरकारें आईं और गईं, कई प्रधान आए और चले गए, परंतु किसी ने इस गाँव के बच्चों के लिए विद्यालय निर्माण की चिंता नहीं की। लेकिन आपने निरंतर संघर्ष किया और आज उसका फल आपके सामने है। इस विद्यालय में जो भी कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें शीघ्र ही पूर्ण कराया जाएगा।”
ग्राम प्रधान कमला देवी ने बताया कि “गाँव में प्राथमिक विद्यालय न होने के कारण बच्चों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। पहले बच्चे गाँव के बगीचे में पढ़ते थे, बाद में आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ाई होती रही। 21 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आज बच्चों को अपना विद्यालय मिला है, यह हमारे लिए गर्व का क्षण है।”
कार्यक्रम का संचालन फूलचंद श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद त्रिपाठी, प्रधानाध्यापिका अन्नपूर्णा जायसवाल, शिक्षिका रंजना शुक्ला, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जय हिंद यादव, अरविंद यादव, राम सुरेश यादव, उमेश यादव “मिथुन”, गिरजेश भारती, राकेश त्रिपाठी, इरशाद हुसैन, प्रदीप जायसवाल, कमलेश यादव, वहीद उज्जा, अवनीश त्रिपाठी, विजय यादव, विकास यादव, प्रमोद यादव, रामतेज यादव, विवेक यादव, राजू, महेंद्र आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।