•आपकी समस्या मेरी प्राथमिकता है और आपकी आवाज को हमेशा महत्व दिया जाएगा- अंकुर राज तिवारी
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिस प्रकार खलीलाबाद की जनता ने नेता नहीं बल्कि बेटे का चयन किया है, उसी प्रकार एक बेटे की अपने परिवार के प्रति जो भी जिम्मेदारी होती है, उसे हँसते-हँसते निभाने का प्रयास मैंने किया है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में खलीलाबाद की जनता ने कम समय में ही मुझ पर विश्वास जताते हुए विजय दिलाई थी। बीते चार वर्षों में मैंने अपनी जिम्मेदारियों का एहसास करते हुए सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास को संजोकर क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य किया है। चाहे रोडवेज का मामला हो, मुखलिसपुर चौराहे पर रेलवे अंडरपास का निर्माण हो या फिर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रश्न हर स्तर पर खलीलाबाद की जनता के सम्मान और विकास के लिए कार्य करता रहा हूँ।


ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पचपोखरी से गोरखपुर तक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की नई बस सेवा शुरू की गई है। इस बस सेवा से ग्रामीणों को जिला मुख्यालय और मंडल मुख्यालय तक कम किराए में सुविधा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर बस सेवा का शुभारंभ किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने स्वयं बस की स्टीयरिंग संभालकर यात्रियों को रवाना किया, जिससे उपस्थित लोगों में उत्साह और हर्ष का वातावरण बन गया। अब यात्री पचपोखरी से खलीलाबाद तक मात्र 21 रुपये में यात्रा कर सकेंगे। इस सेवा का सबसे अधिक लाभ छात्रों, व्यापारियों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को मिलेगा।
विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा “हम एक ऐसी सुविधा का शुभारंभ कर रहे हैं जिसका ग्रामीण क्षेत्रवासी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अब गोरखपुर और खलीलाबाद जाने के लिए उन्हें अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सशक्त और सुलभ बनाया जाए। इसी दिशा में परिवहन सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। यह नई बस सेवा न केवल सस्ती है बल्कि सुरक्षित और समयबद्ध भी है।”
उन्होंने आगे कहा “आपकी समस्याएँ मेरी प्राथमिकता हैं और आपकी आवाज़ को हमेशा महत्व दिया जाएगा। आने वाले समय में और भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा ताकि क्षेत्रवासियों को आसान, सुरक्षित और सुव्यवस्थित परिवहन की सुविधा मिल सके।”
एआरएम आयुष भटनागर ने भी कहा कि इस नई बस सेवा से ग्रामीण क्षेत्रवासियों की यात्रा और अधिक सरल, सुरक्षित और किफायती होगी।कार्यक्रम में भाजपा वरिष्ठ नेता देवेंद्र मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि उमेश चन्द्र तिवारी, प्रधान सुपा छेदीलाल यादव, प्रधान सुम्हा दामोदर पांडे, विनय कुमार दुबे समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने इस सुविधा के लिए विधायक तिवारी और परिवहन विभाग के अधिकारियों का आभार जताया। व्यापारियों ने कहा कि नई बस सेवा से व्यापारिक गतिविधियाँ सुगम होंगी, जबकि छात्रों ने खुशी जताई कि अब उन्हें कम खर्च में गोरखपुर और खलीलाबाद तक जाना आसान हो गया है।
