के के मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। बीते दिवस जनपद संत कबीर नगर के लिए एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल के तहत लखनऊ में उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अंकुर राज तिवारी ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर विधायक अंकुर राज तिवारी ने मुख्यमंत्री से जनपद के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
भेंटवार्ता के दौरान विधायक अंकुर राज तिवारी ने खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे संतकबीरनगर जनपद की वर्तमान स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली, ग्रामीण विकास, युवाओं के रोजगार तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
साथ ही, क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए कुछ नई आवश्यकताओं और प्रस्तावों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुना और जनपद के विकास को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है और संत कबीर नगर जैसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े सभी महत्वपूर्ण कार्यों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक अवश्य पहुँचे। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा युवाओं को स्वरोजगार और कौशल विकास से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
विधायक अंकुर राज तिवारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने कहा कि वे जनपद की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
