
•श्रीमद् देवी भागवत कथा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, साधु-संतों पर हो रहे अत्याचारों पर भी जताई चिंता।
पवन कुमार रस्तोगी।
लखनऊ। श्रीमद् भागवत फाउंडेशन द्वारा आयोजित श्री मद् देवी भागवत कथा का आयोजन मनकामेश्वर शनि हनुमान मंदिर परिसर सुरेन्द्र नगर, कमता में किया जा रहा है। कथा के मुख्य वक्ता पूज्य डॉ. कौशलेंद्र महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि “यदि आप अपना कल सुधारना चाहते हैं, तो आज की संध्या को सुधारिए।”
उन्होंने कहा कि भगवान का अवतरण साधुत्व की रक्षा, धर्म की स्थापना और अधर्म व असुरों के विनाश के लिए होता है। यदि हम पवित्र हृदय से भगवान का नाम जपें और ध्यान करें, तो हमारा कल्याण निश्चित है। भगवान सम्पूर्ण सृष्टि के कण-कण में व्याप्त हैं और किसी भी रूप में अवतरित हो सकते हैं।
कथा श्रवण की आत्मिकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति में श्रद्धा और आत्मिक भावना न हो, उसके सामने भागवत कथा का वर्णन न किया जाए, क्योंकि वह उसकी गहराई को न समझकर उपहास कर सकता है। कुछ लोग श्रद्धा से कथा सुनते हैं, वहीं कुछ केवल परीक्षण की भावना से आते हैं।
डॉ. कौशलेंद्र महाराज ने देश में साधुओं पर हो रहे अत्याचारों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि एक समय था जब लोग साधुओं की शरण में रहते थे, लेकिन आज उनके साथ मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि देश में धर्म का जागरण हो रहा है और लोगों की चेतना धीरे-धीरे जाग रही है।
उन्होंने पुनर्जन्म और आत्मा की अमरता पर प्रकाश डालते हुए कहा:
“पुनर्जन्म एक सत्य है। आत्मा अमर है। शरीर चाहे जितनी बार बदले, पाप और पुण्य का फल वर्तमान जीवन और अगले जन्म तक बना रहता है। अंतिम समय में जो जैसी इच्छा करता है, अगला जन्म उसी के अनुसार होता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि डर और भय के कारण झूठ का व्यापार फल-फूल रहा है। जैसे पानी को दूध में मिलाकर उसे दूध के भाव बेच दिया जाता है, वैसे ही आज समाज में भी भ्रम और मिलावट का बोलबाला है।
कथा के दौरान अगस्त मुनि, भगवान महादेव के पूजन और शिवानुभूति के प्रसंगों का भी श्रद्धालुओं ने आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
कथा में उपस्थित प्रमुख श्रद्धालुओं में सुमन मिश्रा, कमलावती मिश्रा, कंचन पाण्डेय, रेनू, अन्नपूर्णा, वंदना, मंजू, रंजना, मानसी, मधु, प्रीति, सीमा, विधायक उमेश द्विवेदी, विधायक सुरेंद्र चौधरी, नम्रता शुक्ला, मिनाक्षी मिश्रा, पुष्पा सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।