पटना/मोतिहारी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में दो विशाल चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने पूर्वी चम्पारण के मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी देव गुप्ता और सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी चन्दन कुमार के समर्थन में रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में इस बार हवा पूरी तरह इंडिया गठबंधन के पक्ष में है। पहले चरण के मतदान के साथ ही यह संदेश साफ हो गया है कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और युवा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए जनता उत्साहित है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने जनता को केवल धोखा दिया है। उसके पास अब न कोई मुद्दा बचा है, न जवाब। भाजपा लगातार झूठ बोलती रही है, जनता को ठगती रही है और इस बार बिहार की जनता भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाने जा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास ए टीम, बी टीम, सी टीम और पी टीम तो हैं, लेकिन इंडिया गठबंधन के पास जनता की असली ‘वीआईपी पार्टी’ है — जिसमें समाज के हर तबके की भागीदारी है। बिहार में नई सरकार बनना तय है और तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। इससे नया बिहार बनेगा, विकास होगा और युवाओं को नौकरी व रोजगार मिलेगा।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार के दस साल और बिहार की राज्य सरकार के बीस साल मिलाकर तीस साल का शासन बीत चुका है, लेकिन जनता को केवल बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार मिला है। भाजपा ने किसानों, मजदूरों और युवाओं के साथ छल किया है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा झूठ निकला, जबकि खाद, डीजल और पेट्रोल महंगे कर दिए गए। भाजपा के राज में महंगाई और जीएसटी की मार से आम आदमी परेशान है।
उन्होंने कहा कि बिहार राजनीति की समझ रखने वाला प्रदेश है, जहाँ चाणक्य के जमाने से नीति और न्याय की परंपरा रही है। लेकिन अब दिल्ली से आए लोग बिहार के लोगों को राजनीति सिखाने की कोशिश कर रहे हैं। बिहार सौहार्द और सामाजिक न्याय की धरती है, जिसने देश को एकता और भाईचारे का संदेश दिया, जबकि भाजपा जैसी ताकतें समाज को तोड़ने और नफरत फैलाने का काम कर रही हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार की जनता इस बार नफरत फैलाने वाली ताकतों को हराकर नया बिहार बनाएगी। जब बिहार बदलेगा तो पूरे देश में बदलाव की बयार चलेगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने का चुनाव है यह नौजवानों और उनके रोजगार का चुनाव है।
अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि बिहार की जनता इंडिया गठबंधन की सरकार बनाएगी और सामाजिक न्याय का राज स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया है, अब 2027 के विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी लोग भाजपा को पराजित करेंगे।
