मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण किया।
वृंदावन स्थित अक्षयपात्र में आयोजित कार्यक्रम में दोनों नेता सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का ब्रज भूमि पर स्वागत और अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत राधे-राधे, वृंदावन बिहारी लाल, राधा रानी, यमुना मैया, हर-हर महादेव, जय श्रीराम, भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ की।
उन्होंने कहा कि नितिन नबीन युवा ऊर्जा के प्रतीक हैं और बिहार विधानसभा में पांचवीं बार विधायक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। संगठन में विभिन्न दायित्वों के निर्वहन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। इस दायित्व के बाद योगेश्वर श्रीकृष्ण की पावन धरा पर उनका प्रथम आगमन विशेष महत्व रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रज प्राचीन काल से तीर्थ भूमि रही है। मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, नंदगांव और बलदेव जैसे तीर्थस्थल सनातन परंपरा के केंद्र हैं, जहां आज भी श्रद्धालु कण-कण में श्रीकृष्ण और राधा रानी की विरासत का अनुभव करते हैं।
उन्होंने कहा कि अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि भी मथुरा में स्थित है। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से ब्रज भूमि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला राज्य बन रहा है। बीते पांच वर्षों से अधिक समय से प्रदेश रेवेन्यू सरप्लस स्थिति में है। डबल इंजन सरकार के माध्यम से बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर कार्य तेजी से धरातल पर उतारे जा रहे हैं और हर नागरिक को सुरक्षा का एहसास कराया जा रहा है। गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा अब पहचान के लिए मोहताज नहीं है और देश के किसी भी हिस्से में गर्व से स्वयं को यूपी का नागरिक कह सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते वर्षों में प्रदेश ने विकास के नए मानक स्थापित किए हैं और इस गति को और तेज करने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ योगदान देगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी किशन सिंह, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, अशोक कटारिया, ओमप्रकाश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष निर्मल पांडेय, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
