
बस्ती। शहर के दक्षिण दरवाजा निवासी संतोष गुप्ता की पुत्री निहिता गुप्ता ने नीट परीक्षा 2025 में 557 अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे जनपद बस्ती का नाम गौरवान्वित किया है। निहिता की इस उपलब्धि पर जिले भर में प्रसन्नता की लहर है।
निहिता ने अपनी सफलता का श्रेय कठोर परिश्रम, अनुशासित जीवनशैली, सकारात्मक सोच और माता-पिता के सहयोग को दिया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने पुराने क्वेश्चन पेपर्स, मॉक टेस्ट और निरंतर अभ्यास को प्रमुख साधन बनाया। साथ ही सोशल मीडिया से दूरी बनाकर अपने लक्ष्य पर पूर्ण रूप से फोकस किया।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
निहिता गुप्ता ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं उत्कृष्ट अंकों के साथ उत्तीर्ण की थीं। उन्होंने इंटर की पढ़ाई लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल, आनंदनगर कटरा, बस्ती से पूरी की। उनके विद्यालय के प्रबंधक व वरिष्ठ समाजसेवी सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने छात्रा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि निहिता ने विद्यालय का भी गौरव बढ़ाया है।
पारिवारिक सहयोग
निहिता के पिता संतोष गुप्ता, जो कि बेसिक शिक्षा विभाग बस्ती में वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि उनकी पुत्री का लक्ष्य एक संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज के जरूरतमंदों की सेवा करना है। उनकी माता किरण गुप्ता ने घर पर पढ़ाई के लिए एक सकारात्मक और शांत वातावरण सुनिश्चित किया, जिससे निहिता को लक्ष्य प्राप्त करने में सहायता मिली।
जिले भर से बधाई : निहिता की सफलता पर शिक्षा विभाग, शिक्षक संघ एवं जिले के बुद्धिजीवियों ने बधाई दी है। जिन प्रमुख लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की, उनमें राजेंद्र नाथ त्रिपाठी, एडी बेसिक संजय कुमार शुक्ल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी, लेखाधिकारी अभिनय कुमार सिंह, शिक्षक संघ अध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल, चंद्रिका सिंह, शैल शुक्ल, अभय सिंह यादव, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, महेश कुमार, विजय वर्मा, प्रवक्ता आचार्य सूर्य प्रकाश शुक्ल, राजीव उपाध्याय, राकेश कुमार पाण्डेय, डॉ. प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, पवन मिश्रा (केजीएमयू), संजय गुप्ता, पवन चौधरी, अभय उपाध्याय, अवध किशोरी, अभिषेक त्रिपाठी एवं अन्य अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हैं। सभी ने निहिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह जिले की बेटियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत हैं।