
संत कबीर नगर। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोविंदगंज में चल रहे समर कैंप के नवें दिन गुरुवार को विविध रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। दिन की शुरुआत प्रातःकालीन योग एवं व्यायाम सत्र से हुई, जिसमें बच्चों ने स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली की महत्ता को समझा।
आज के कैंप का मुख्य विषय था – विद्यालय परिसर में किचन गार्डन एवं आरोग्य वाटिका का निर्माण। बच्चों को गमलों में पौधे लगाने, निराई, गुड़ाई और सिंचाई जैसे कार्यों की व्यवहारिक जानकारी दी गई। इस सत्र का उद्देश्य छात्रों को प्राकृतिक जीवनशैली और स्वावलंबन की ओर प्रेरित करना रहा।
इसके अतिरिक्त मनोरंजनात्मक गतिविधियों में छात्रों ने लूडो और कैरम जैसे इनडोर खेलों में भाग लिया, जिससे उनके सामूहिकता और खेल भावना को बल मिला।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा –”विद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि जीवन कौशल और पर्यावरणीय जागरूकता का प्रशिक्षण स्थल भी है। समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक अभिनव पहल है।”
समर कैंप के नोडल इंचार्ज उमाशंकर वर्मा एवं राज कुमार ने छात्रों को पौधों की विशेष देखभाल, उचित पोषण एवं औषधीय महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रकृति के प्रति जुड़ाव जरूरी है, और इस तरह की गतिविधियाँ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती हैं।
विद्यालय प्रांगण में पौधों की हरियाली और छात्रों की सक्रिय भागीदारी ने समर कैंप को जीवंतता प्रदान की।