
बस्ती। शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को महाराष्ट्र पुलिस और बस्ती जनपद के रूधौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी बस्ती जिले के ग्राम पटवारिया में की गई, जहां आरोपी रिश्तेदारी में आया हुआ था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सैफ अली पुत्र मंजूर अली (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम कैनेली, थाना मुंडेरवा, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। सैफ अली के विरुद्ध थाना तुर्भे, जनपद नवी मुंबई, महाराष्ट्र में मुकदमा अपराध संख्या 220/25, धारा 69, 351(3), 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
महाराष्ट्र पुलिस की टीम जिसमें इंस्पेक्टर दिनेश गोपी चंद पाटिल, कांस्टेबल प्रकाश कुमार मोरे और कांस्टेबल नितिन शामिल थे, ने रूधौली थाने के हेड कांस्टेबल करुणेश यादव की सहायता से यह संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस टीम ने अभियुक्त को ग्राम पटवारिया से गिरफ्तार कर लिया और थाना रूधौली से आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए ट्रांजिट रिमांड के लिए अभियुक्त को बस्ती न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पीड़िता की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि उसने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए, और बाद में उसे धोखा दे दिया। महाराष्ट्र पुलिस ने काफी समय से आरोपी की तलाश कर रही थी, जिसे अब उत्तर प्रदेश के बस्ती में पकड़ा गया।
गिरफ्तारी की पुष्टि के साथ पुलिस ने कहा कि न्यायालय की अनुमति के बाद अभियुक्त को महाराष्ट्र ले जाया जाएगा, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।