
सुल्तानपुर। डॉ राम मनोहर लोहिया अवध यूनिवर्सिटी फैजाबाद में स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह की मुख्य अतिथि आनंदीबेन पटेल राज्यपाल उत्तर प्रदेश और विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी रही। कार्यक्रम में राज्यपाल उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल की गरिमामई उपस्थिति रही। उक्त कार्यक्रम राम मनोहर लोहिया अवध यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रतिभा गोयल, कुलसचिव उमानाथ के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
प्रदर्शनी के आयोजन का मुख्य उद्देश्य मोटे अनाज को बढ़ावा देने का था। जिसके लिए यूनिवर्सिटी प्रांगण में मोटे अनाज पर एक बड़ी प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में अलग-अलग कॉलेज से आए हुए प्रतिभागियों ने लगभग 100 स्टाल लगाए। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सभी स्टालों का निरीक्षण किया और अंतिम में सुल्तानपुर के के एन आई संस्थान की कु.अंकिता यादव और कु. खुशबू वर्मा के द्वारा “रागी“ से बने हुए मोटे अनाज के लड्डू, बिस्किट, इडली और ढोकला से प्रभावित होकर उन्हें प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया। इन विद्यार्थियों ने डॉक्टर अन्विता सिंह सहायक प्राध्यापिका गृह विज्ञान के एन आई के मार्गदर्शन में मोटे अनाज से लड्डू बिस्किट इडली और ढोकला बनाया था जो प्रदर्शनी में सबसे ज्यादा भाए।
कमला नेहरू संस्थान के प्राचार्य डॉ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि मोटे अनाज पर लगाई गई प्रदर्शनी पर हमारे संस्थान द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी सबसे उच्च कोटि की रही जिससे प्रभावित होकर राजपाल द्वारा संस्थान के बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बच्चों की इस उपलब्धि पर उन्हें बहुत बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया। इस कार्यक्रम में सिर्फ एक प्रथम पुरस्कार का ही प्रावधान किया गया था जो जनपद सुल्तानपुर के के एन आई संस्थान को प्राप्त हुआ। यह जनपद सुल्तानपुर के लिए गौरव का विषय है।