लखनऊ। महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने विशेष महिला बीट अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के तरीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने शहर के स्कूलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, मुख्य मार्गों और चौराहों पर जाकर महिलाओं और बच्चों को जागरूक किया। अभियान में महिलाओं को 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा और महिला पावर लाइन जैसी सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं और बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
पूर्वी जोन में चिनहट, बीबीडी, विभूतिखण्ड, गोमतीनगर और विकासनगर के विभिन्न थानों की टीमों ने आंगनबाड़ी केंद्रों, पार्कों और बाजारों में महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी दी। दक्षिणी जोन में मोहनलालगंज, नगराम, निगोहां, गोसाईगंज, सुशांत गोल्फ सिटी, पीजीआई, सरोजनीनगर, बिजनौर, बंथरा और इन्दिरानगर में महिला बीट अधिकारीगण महिलाओं और बच्चों को साइबर क्राइम, महिला हेल्प डेस्क और पिंक बूथ जैसी सेवाओं के बारे में जागरूक करते हुए गुड टच/बैड टच के प्रति भी सतर्क किया।
पश्चिमी जोन में वजीरगंज, नाका और पारा क्षेत्र की महिला बीट आरक्षियों ने महिलाओं को पिंक बूथ, वुमेन पावर हेल्पलाइन और साइबर सुरक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। मध्य जोन के कैन्ट, आलमबाग और महानगर क्षेत्रों में भी अभियान के तहत छात्राओं और महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया। उत्तरी जोन में अलीगंज, सैरपुर और महिगवां के विभिन्न थानों की महिला टीमों ने आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और पंचायत भवनों में जाकर महिलाओं और बच्चों को महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील किया।
इस अभियान के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समानता को सुनिश्चित करने के साथ ही समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अभियान के दौरान महिलाओं को आत्मरक्षा और सरकारी योजनाओं के लाभ लेने के तरीकों की जानकारी भी दी गई, जिससे समाज में जागरूकता और सुरक्षा को मजबूती मिली।
