
•61 हजार वोटों से पराजित कर भाजपा ने लोकसभा हार का लिया बदला
•अब तक की सबसे बड़ी जीत के साथ 8 साल बाद सपा से मिल्कीपुर छीना
•भाजपा उम्मीदवार चन्द्रभानु को 146397 तो सपा के अजीत को मिले 84687 वोट
•प्रथम राउंड से अंतिम राउंड तक की मतगणना में आगे रहे भाजपा के चन्द्रभानु
अयोध्या समाचार: मिल्कीपुर की जनता जनार्दन ने उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार चन्द्रभानु पासवान पर दिल खोलकर वोटों की बरसात की है यह हम नहीं ईवीएम से निकले चुनाव परिणाम कह रहे हैं। 61 हजार से अधिक मतों से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सांसद के बेटे अजीत प्रसाद को मिली है। इस अंतर से जीत को मिल्कीपुर विधानसभा चुनावों में अब तक की सबसे तगड़ी जीत बताई जा रही है। इतना ही नहीं लोकसभा चुनाव में अयोध्या हार का बडा बदला बीजेपी ने चुकाया है।
सपा से मिल्कीपुर छिना, अपने ही बूथ पर हारे अजीत
कहा जा रहा है कि अयोध्या हार का बदला भाजपा ने मिल्कीपुर जीत कर ले लिया है। भाजपा के उम्मीदवार चन्द्रभानु पासवान को
146397 वोट मिले हैं। जबकि सपा उम्मीदवार व सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को कुल 84687 वोट ही प्राप्त हो सके हैं। बताया जा रहा है कि इस उपचुनाव में 8 वर्ष बाद सपा से मिल्कीपुर विधान सभा क्षेत्र छीन लिया है। भाजपा ने मिल्कीपुर में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी चंदभानु पासवान ने सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद को 61 हजार 710 वोट से हराया। यह इस सीट के इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले, 2012 में 39,237 वोट से अवधेश प्रसाद जीते थे। उपचुनाव में चंद्रभानु पासवान को 1,46, 397 जबकि अजीत प्रसाद को 84,687 वोट मिले हैं। खास बात यह कि सपा प्रत्याशी और अयोध्या सांसद के बेटे अजीत प्रसाद अपने ही बूथ से हार गए हैं। लोकसभा चुनाव में मिल्कीपुर विधानसभा में भाजपा को सपा से 7 हजार वोट कम मिले थे। 8 महीने में ही भाजपा ने बाजी पलट दी। तीसरे नंबर पर आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी सूरज चौधरी रहे हैं। उन्हें 5459 वोट मिले हैं।
सांसद अवधेश प्रसाद और उनके बेटे अजीत घर से ही नहीं निकले
मिल्कीपुर में भाजपा पहले राउंड से ही बढ़त बनाए हुए थी। वह आखिर तक जारी रही। एक भी बार सपा आगे नहीं निकल पाई। अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर रिजल्ट पर कहा- ये भाजपा की झूठी जीत है। जिसका जश्न भाजपाई आंखों-में-आंखें डालकर नहीं मना पाएंगे। जिन अफसरों ने घपलेबाजी की वे सभी सजा पाएंगे। न कुदरत उन्हें बख्शेगी, न कानून। वहीं दूसरी ओर अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद और उनके प्रत्याशी बेटे अजीत प्रसाद घर से नहीं निकले। घर पर ही न्यूज एजेंसी से बातचीत में अवधेश प्रसाद ने कहा- भाजपा ने बेईमानी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उनके गुंडों ने बूथ कैप्चरिंग की। मिल्कीपुर से अवधेश प्रसाद सपा विधायक थे। 2024 लोकसभा चुनाव में सपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव लड़वाया। वह अयोध्या (फैजाबाद) से सांसद बन गए। तब से यह सीट खाली थी। मिल्कीपुर में उपचुनाव नवंबर में होने थे, लेकिन भाजपा नेता गोरखनाथ ने अवधेश प्रसाद के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर रखी थी। इसमें उनका नामांकन रद्द करने की मांग की थी। हालांकि, बाद में बाबा ने याचिका वापस ले ली थी।
10 प्रत्याशी थे चुनावी मैदान में, 08 नहीं बचा सके जमानत
रिटर्निंग ऑफिसर राजीव रतन सिंह ने बताया कि कुल 10 प्रत्याशियों में चुनाव था। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान को विजय घोषित किया गया है। बताया कि 273-मिल्कीपुर (अजा) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से विधान सभा के लिए मतगणना कक्ष से प्राप्त होने वाली अंतिम राउण्ड के उपरांत मत निम्नवत् है। जिसमें बैलेट और ईवीएम दोनों मत शामिल हैं।
चन्द्रभानु पासवान (भाजपा)- 146397।
अजीत प्रसाद (समाजवादी पार्टी)- 84687।
रामनरेश चौधरी- 1722।
सुनीता – 363।
संतोष कुमार-5459।
अरविंद कुमार-425।
कंचनलता -286।
भोलानाथ -1003।
वेदप्रकाश -507।
संजय पासी -1107
कुल 241956 वोटों के अलावा नोटा- 1361 तथा -43 वोट रिजेक्ट थे। रिटर्निंग ऑफिसर राजीव रतन सिंह नेभारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान को विजई घोषित किया।
मिल्कीपुर की प्रचंड जीत पर भाजपा कार्यालय में जश्न
मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा की प्रंचड जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पर जमकर जश्न मनाया। दिन में 11 बजे से ही भाजपा कार्यालय सिविल लाइन में ढोल- नगाड़े बजने लगे। अबीर गुलाल उड़ाते हुए कार्यकर्ता जमकर थिरके। एक दूसरे को बधाईयों का सिलसिला चलने लगा। पूरा माहौल उत्साह व जोश से भरा नजर आया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पटाखें जलाकर जीत की खुशी साझा की। मिल्कीपुर विधान सभा की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। पार्टी कार्यालय पर मतगणना का लाइव प्रसारण किया जा रहा था। पूरा पार्टी कार्यालय भाजपा पदाधिकारी व कार्यकताओं से खचाखच भरा था। प्रत्याशी चन्द्रभानु पासवान के कार्यालय पहुंचने पर शिक्षक नेता वीरेन्द्र बहादुर सिंह, कर्मवीर सिंह, बब्लू मिश्र, आशीष श्रीवास्तव ने 51 किलो की माला पहना कर स्वागत किया। पार्टी कार्यालय पर प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक रामचन्दर यादव, पूर्व विधायक इन्द्र प्रताप तिवारी खब्बू ने कार्यकताओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की नीतियों पर लगी मुहर
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि यह परिवारवाद पर विकास वाद की जीत है। मिल्कीपुर की जनता ने मोदी और योगी सरकार की नीतियां पर मुहर लगा दी है। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा जिस तरह का नकारात्मक तथा समाज को बांटने वाली बातें विपक्षी कर रहे थे। उसका जवाब मिल्कीपुर की जनता ने दिया है। यह प्रचंड जीत सभी कार्यकताओं को सर्मपित है। नवनिर्वाचित विधायक चन्द्रभानु पासवान ने कहा कि जनता ने जो जिम्मेदारी दी है उस पर खरा उतरूंगा। जीत के लिए सभी कार्यकर्ता व जनता को आभार। विधायक रामचन्दर यादव ने कहा प्रचंड विजय विकास के प्रति जनता का सर्मथन है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम की विजय हुई है। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि चुनाव परिणाम ने यह साबित किया है अयोध्या राम भक्तों की है। यहां के लोग हमेशा राम के थे राम के हैं तथा राम के ही रहेंगे। पूर्व विधायक इन्द्र प्रताप तिवारी खब्बू ने कहा कि सरकारी योजनाओं तथा उसके सफल क्रियान्वयन जनता में भाजपा के प्रति उत्साह का माहौल था। जिससे यह प्रचंड जीत दर्ज हुई है।
जीत पर जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, अवधेश पाण्डेय बादल, कमला शंकर पाण्डेय, कृष्ण कुमार पाण्डेय खुन्नू, गिरीश पाण्डेय डिप्पुल, करूणाकर पाण्डेय, ब्लाक प्रमुख पवन सिंह, सुनील तिवारी शास्त्री, परमानंद मिश्र, शैलेन्द्र कोरी, अशोक कसौधन, राम मोहन भारती, अभय सिंह, इंद्रभान सिंह, नीरज श्रीवास्तव रिंकू, तिलकराम मौर्या, दिवाकर सिंह, ने कार्यकताओं को बधाई दी।