
रिपोर्ट – के. के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अंकुर राज तिवारी ने दीपावली पर्व के अवसर पर “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम के तहत जनपद के मीडिया कर्मियों एवं क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी को दीपोत्सव, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि दीपावली का यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह त्योहार हमें जीवन में सकारात्मकता, प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने जनपद संतकबीरनगर सहित पूरे उत्तर प्रदेश और देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
उन्होंने कहा, “मैं खलीलाबाद विधानसभा की सम्मानित जनता का आभारी हूँ, जिन्होंने मुझे अपना आशीर्वाद और विश्वास देकर सेवा का अवसर दिया। आपके आशीर्वाद से ही मेरा सम्मान बढ़ा है। मैं सदैव आपके सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूंगा।”
विधायक ने आगे कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व प्रकृति और गौ-संरक्षण के प्रति हमारी श्रद्धा का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को उठाकर समाज को एकता, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया था। हमें इस दिन गोसेवा और वृक्षारोपण के संकल्प के साथ पर्व मनाना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने भैया दूज के अवसर पर सभी भाइयों और बहनों को बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व पारिवारिक स्नेह और रक्षा के वचन का प्रतीक है। यह भारतीय संस्कृति की उस परंपरा को सजीव रखता है जिसमें प्रेम, स्नेह और कर्तव्य का गहरा संबंध झलकता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, स्थानीय प्रतिनिधि, समाजसेवी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।